अगली ख़बर
Newszop

Gopal Badane: डॉक्टर सुसाइड केस में बड़ा अपडेट, कोर्ट ने आरोपी सस्पेंड PSI गोपाल बदाने को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

Send Push
सतारा: महाराष्ट्र डॉक्टर सुसाइड केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। फरार चल रहे आरोपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदाने को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने रविवार को खुद फलटण पुलिस थाने में सरेंडर किया। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां एसोसिएट सिविल जज एएस सतोटे की अदालत ने उसे 30 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने सात दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की थी। हालांकि, आरोपी के वकील एडवोकेट राहुल धायगुडे ने तर्क दिया कि आरोपी इस मामले में दोषी नहीं है और उसे फंसाने की कोशिश की जा रही है और दलील दी कि आरोपी बदने को एक दिन की पुलिस हिरासत दी जानी चाहिए, हालांकि, अदालत ने उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत दी है।

गोपाल बदाने पर डॉक्टर से रेप का आरोप
गोपाल बदाने पर महिला डॉक्टर से रेप करने का गंभीर आरोप है। इस पूरे मामले ने राज्यभर में सनसनी मचा दी थी। डॉक्टर की मौत के बाद पुलिस और विभागीय अधिकारियों पर सवाल उठने लगे थे। बढ़ते दबाव के बीच पुलिस विभाग ने आरोपी इंस्पेक्टर को पहले ही सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद वह कुछ दिनों से फरार चल रहा था। इस केस में एक और आरोपी प्रशांत को भी पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। प्रशांत पर मृतक डॉक्टर को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की जांच के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं।

क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, मृतक महिला डॉक्टर ने कुछ दिन पहले आत्महत्या कर ली थी। उसके सुसाइड नोट में आरोपी पुलिस अधिकारी का नाम सामने आया था, जिसके बाद यह मामला तेजी से सुर्खियों में आया। यह मामला सतारा जिले के फलटण इलाके का है, जहां सरकारी अस्पताल में पदस्थ महिला डॉक्टर का शव गुरुवार रात एक होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला। मौके से मिले चार पन्नों के सुसाइड नोट में डॉक्टर ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदाने पर चार बार रेप करने और मकान मालिक के बेटे प्रशांत बंकर पर मानसिक प्रताड़ना देने का गंभीर आरोप लगाया।

21 बार की शिकायत
डॉक्टर ने अपने सुसाइड नोट में यह भी लिखा कि एक सांसद और उसके दो निजी सहायकों ने उस पर कई मामलों में आरोपी व्यक्तियों के लिए फर्जी फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने का दबाव डाला। डॉक्टर ने यह सब झेलते हुए 21 बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। सुसाइड नोट में उसने एक घटना का जिक्र करते हुए लिखा कि जब उसने फर्जी सर्टिफिकेट देने से मना किया तो दो सहायकों ने उसे सांसद से फोन पर बात करने को कहा और उस बातचीत के दौरान सांसद ने उसे परोक्ष रूप से धमकी दी।

फलटण पुलिस स्टेशन में सरेंडर
उधर, डॉक्टर की आत्महत्या के मामले में आरोपी की शनिवार तक पंढरपुर में तलाश की जा रही थी। बताया गया था कि निलंबित पीएसआई गोपाल बदाने की आखिरी लोकेशन पंढरपुर में थी। शनिवार रात गोपाल बदाने की लोकेशन पंढरपुर में मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसकी गहन तलाशी ली। इसके बाद बदाने फलटण पुलिस स्टेशन में खुद सरेंडर करने पहुंचा।

पुलिस अधिकारियों के सामने फूट-फूट कर रोया
इस बीच, एक न्यूज चैनल के अनुसार, पुलिस अधिकारियों द्वारा पूछताछ के दौरान पीएसआई बदाने ने आत्मसमर्पण करने के बाद अपनी बात रखी। बताया गया है कि वह जांच अधिकारियों के सामने फूट-फूट कर रोया। उसने पुलिस को बताया है कि उसने महिला डॉक्टर को किसी भी तरह से प्रताड़ित नहीं किया। इसके अलावा उसने पुलिस को कुछ और बातें भी बताईं। लेकिन क्या उनका उस डॉक्टर के साथ कोई रिश्ता था? या दोनों के बीच सहमति से यौन संबंध थे? जब उनसे इस बारे में पूछताछ की गई, तो पता चला कि बदाने ने अभी तक इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।
न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें